GautambudhnagarGreater noida news

यूपीआई पर एमडीआर के विरोध में कांग्रेस ने निकाला जनजागरण मार्च, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

यूपीआई पर एमडीआर के विरोध में कांग्रेस ने निकाला जनजागरण मार्च, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा। यूपीआई के जरिए ₹2,000 से अधिक के व्यापारी लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर ) लागू किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने शुक्रवार को जनजागरण मार्च निकाला। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, जेवर सहित जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में व्यापारी और छोटे कारोबारी यूपीआई से भुगतान स्वीकार करते हैं। ऐसे में ₹2,000 से अधिक के लेन-देन पर MDR लागू होने से व्यापारियों की लागत बढ़ने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फर्नीचर, ऑटोमोबाइल, मेडिकल स्टोर, रेस्टोरेंट, होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल लगातार बढ़ा है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार को छोटे और मध्यम व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।दीपक चोटीवाला ने राहुल गांधी द्वारा एमडीआर के निर्णय को लेकर उठाए गए सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को इस नीति के आधार और निर्णय प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता एवं पारदर्शिता रखनी चाहिए। वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि नया एमडीआर ढांचा यूपीआई इकोसिस्टम की दीर्घकालिक स्थिरता, सुरक्षा और विस्तार के लिए बनाया गया है तथा ग्राहकों से एमडीआर नहीं लिया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यूपीआई ने डिजिटल भुगतान को आसान बनाया है और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, महाराज सिंह नागर, अशोक पंडित, मौहम्मद तकी, धर्मबीर प्रधान, निशा शर्मा, किशन शर्मा, केके भाटी एडवोकेट, रमेश यादव, रघुराज शर्मा, रूबी चौहान, नरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button