GautambudhnagarGreater noida news

ग्रेटर नोएडा में 1 सितंबर को जुटेंगे देशभर के प्रमुख उद्यमी, आईआईए करेगा 35वीं वार्षिक आम सभा और एमएसएमई पुरस्कार समारोह

ग्रेटर नोएडा में 1 सितंबर को जुटेंगे देशभर के प्रमुख उद्यमी, आईआईए करेगा 35वीं वार्षिक आम सभा और एमएसएमई पुरस्कार समारोह

ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की 35वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) एवं एमएसएमई पुरस्कार समारोह-2026 का आयोजन 1 सितंबर को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित द वेडिंग डॉट में किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी शुक्रवार को आईआईए ग्रेटर नोएडा अध्याय के पदाधिकारियों ने स्वर्ण नगरी स्थित ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।आईआईए पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें देशभर से प्रमुख उद्योगपति, उद्यमी, नीति निर्माता और व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश के उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एनसीआर और उत्तर प्रदेश के एक हजार से अधिक प्रमुख उद्यमियों के शामिल होने की संभावना है। पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1985 में उद्यमियों के एक छोटे समूह के रूप में शुरू हुआ आईआईए आज आठ राज्यों और 52 अध्यायों में 16 हजार से अधिक सदस्यों का मजबूत संगठन बन चुका है। इस वर्ष वार्षिक आम सभा की मुख्य थीम ‘एमएसएमई विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और विकसित भारत @2047’ रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें कारोबार में सुगमता, भुगतान में देरी की समस्या, तकनीकी हस्तांतरण, निर्यात को बढ़ावा, हरित विनिर्माण तथा एमएसएमई के लिए संचालित सरकारी योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा विशेषज्ञों के तकनीकी सत्र, उद्यमियों के बीच संवाद एवं व्यापारिक नेटवर्किंग तथा प्रेरणादायक वक्ता राहुल जैन का विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

उत्कृष्ट उद्यमियों को मिलेगा एमएसएमई पुरस्कार

वार्षिक आम सभा के दौरान एमएसएमई पुरस्कार-2026 भी प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के माध्यम से नवाचार, निर्यात, उद्यमिता और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में आईआईए की वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट और लेखापरीक्षित वित्तीय विवरण प्रस्तुत कर अनुमोदित किए जाएंगे। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका को और मजबूत करने के लिए एक दृष्टि दस्तावेज भी जारी किया जाएगा।आईआईए पदाधिकारियों ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की मजबूत आधारशिला है। वार्षिक आम सभा के माध्यम से सरकार और अन्य संबंधित पक्षों के समक्ष उद्योग जगत की चुनौतियों, अपेक्षाओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।पत्रकार वार्ता के दौरान आईआईए ग्रेटर नोएडा अध्याय के अध्यक्ष सरबजीत सिंह , विशारद गौतम, जेएस राणा, बीआर भाटी, राकेश बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button