एस.बी. इंडस्ट्रीज में 200 कर्मचारियों की हुई स्वास्थ्य जांच, जिम्स -आईईए ने लगाया चिकित्सा शिविर
एस.बी. इंडस्ट्रीज में 200 कर्मचारियों की हुई स्वास्थ्य जांच, जिम्स -आईईए ने लगाया चिकित्सा शिविर

ग्रेटर नोएडा। साइट-B औद्योगिक क्षेत्र स्थित एस.बी. इंडस्ट्रीज में इंडस्ट्रियल एंट्रेपरेणुर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जिम्स के सहयोग से चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में करीब 200 श्रमिकों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एक्स-रे, मैमोग्राफी, RBS, Hb, LFT, KFT और लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें की गईं। इसके अलावा पैप स्मीयर, ओरल परीक्षण तथा महिला कर्मचारियों के स्तन परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जरूरतमंद कर्मचारियों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।एस.बी. इंडस्ट्रीज के सीईओ एम.पी. शुक्ला ने कहा कि कर्मचारियों का स्वस्थ रहना किसी भी औद्योगिक इकाई की कार्यक्षमता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर संतोष व्यक्त किया।
आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को व्यस्तता के चलते नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का समय नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए आईईए द्वारा समय-समय पर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार में मदद मिलती है।
शिविर में जिम्स की चिकित्सा टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम में डॉ. अमित कुमार (मेडिकल ऑफिसर), डॉ. रम्या अभिषेक सिंह (डेंटल ऑफिसर), काजल (नर्सिंग ऑफिसर), विभा त्रिपाठी (नर्सिंग ऑफिसर) और उदय प्रताप सिंह (पेशेंट ट्रैकर) शामिल रहे।राजेश त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों को नियमित जांच के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल आयोजन पर उद्यमियों ने जिम्स के चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया।




