GautambudhnagarGreater noida news

श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा हुई आयोजित

श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा हुई आयोजित

ग्रेटर नोएडा । श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में 18 अगस्त 2026 को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनकी स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन महान राष्ट्रनायकों में से थे, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनके ओजस्वी नेतृत्व, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति ने लाखों भारतीयों में स्वतंत्रता की चेतना जागृत की।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान नेताजी के विचारों और महात्मा गांधी के विचारों एवं कार्यपद्धति में मतभेद अवश्य रहे, लेकिन दोनों का अंतिम लक्ष्य भारत की स्वतंत्रता था। नेताजी महात्मा गांधी के प्रति अत्यंत सम्मान रखते थे और उन्हें ‘राष्ट्रपिता’ कहकर संबोधित करने वाले प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं में थे।

डॉ. वत्स ने नेताजी के प्रसिद्ध आह्वान “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वाक्य आज भी देशभक्ति, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। नेताजी का जीवन युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button