GautambudhnagarGreater noida news

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर-01 नवंबर को आयोजित होगी पंचम पी. एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर-01 नवंबर को आयोजित होगी पंचम पी. एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता

ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस द्वारा पंचम पी. एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 31 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता से संबंधित विवरणिका का विमोचन आज मंगलवार को विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह एवं डीन अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय द्वारा किया गया।विमोचित विवरणिका में प्रतियोगिता से संबंधित सभी आवश्यक नियम, शर्तें, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देशों का विस्तृत उल्लेख किया गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विधि शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं विधिक ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।उल्लेखनीय है कि चतुर्थ पी. एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन 08-09 नवंबर 2025 को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में किया गया था। इसमें देशभर से 64 टीमों के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में माननीय न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, विशिष्ट अतिथि माननीय न्यायमूर्ति विनय कुमार माथुर, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, तथा श्री चेतन शर्मा, विद्वान अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, दिल्ली उच्च न्यायालय सहित विधि क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही थी।

पंचम मूट कोर्ट प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह एवं कुलसचिव प्रो. चंद्र कुमार सिंह ने डीन डॉ. के.के. द्विवेदी तथा विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्रा को शुभकामनाएं दीं।

संकाय के अधिष्ठा डॉ. के.के. द्विवेदी ने बताया की इस बार की प्रतियोगिता का संचालन लॉ विभाग की सहायक प्राध्यापिकाओं डॉ. ममता शर्मा एवं डॉ. रमा शर्मा के मार्गदर्शन में किया जाएगा। इस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्रा हैं |

विश्वविद्यालय प्रशासन को विश्वास है कि पंचम पी. एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता भी देशभर के विधि संस्थानों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक आयोजित होगी तथा विधि शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करेगी।

Related Articles

Back to top button