GautambudhnagarGreater noida news

जेवर विधानसभा में शालिनी सिंह की सक्रियता से बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं, शिक्षा के क्षेत्र में किया सहयोग

जेवर विधानसभा में शालिनी सिंह की सक्रियता से बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं, शिक्षा के क्षेत्र में किया सहयोग

ग्रेटर नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र में गोंडा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की पुत्री शालिनी सिंह के सामाजिक कार्यक्रम में पहुंचने से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि उनके दौरे को फिलहाल सामाजिक पहल के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।शालिनी सिंह ने जेवर विधानसभा क्षेत्र के मकनपुर बांगर गांव स्थित विद्या देवी इंटर कॉलेज पहुंचकर विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सहयोग किया। उनके द्वारा विद्यालय को फर्नीचर, डिजिटल स्मार्ट बोर्ड सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के लिए सहयोग प्रदान किया गया बताया गया कि करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर धीरज सिंह, जो कुंभाभोज वेलफेयर फाउंडेशन के निदेशक भी हैं, के अनुरोध पर शालिनी सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों को अलग-अलग माध्यमों से सहयोग किया है। फाउंडेशन द्वारा जनपद स्तर पर शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।शालिनी सिंह की पिछले कुछ समय से गौतम बुद्ध नगर में सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रियता देखी जा रही है। इसी के चलते जिले की किसी विधानसभा सीट से उनके चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि अभी तक उनकी ओर से चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुदेश शर्मा, समस्त विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सहयोग के लिए शालिनी सिंह का आभार व्यक्त किया।जेवर विधानसभा में शालिनी सिंह की बढ़ती सक्रियता आने वाले दिनों में सामाजिक पहल तक सीमित रहती है या इसका राजनीतिक रूप सामने आता है, यह देखने वाली बात होगी।

Related Articles

Back to top button