विशेष बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आर्या फैशन्स की पहल, हस्तशिल्प कला का दिया प्रशिक्षण
विशेष बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आर्या फैशन्स की पहल, हस्तशिल्प कला का दिया प्रशिक्षण

ग्रेटर नोएडा। समाज सेवा और कौशल विकास की दिशा में पहल करते हुए आर्या फैशन्स ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए हस्तशिल्प कला प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। कंपनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाना रहा।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह रहीं। उन्होंने विशेष बच्चों के साथ समय बिताया और उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए समाज और उद्योगों को मिलकर आगे आना होगा। ‘ऑपरेशन अपराजेय’ का उद्देश्य भी विशेष बच्चों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।इस अवसर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त एवं डीआईजी राजीव नारायण मिश्रा, डीसीपी एवं ‘ऑपरेशन अपराजेय’ की नोडल अधिकारी सुनीति, एसीपी ईकोटेक-3 राजीव, थाना प्रभारी ईकोटेक-3 तथा पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।आर्या फैशन्स की संस्थापिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. खुशबू सिंह ने बताया कि 9 जून 2026 को गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन अपराजेय’ के विजन से प्रेरणा लेकर यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आर्या फैशन्स ग्रामीण महिलाओं को हुनर देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है, उसी तरह विशेष बच्चों को भी उनकी क्षमता के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए।कार्यक्रम में अभय रेनबो किड्स फाउंडेशन की प्रधानाचार्य दिशा कपूर और उनकी टीम के साथ करीब 30 विशेष बच्चे शामिल हुए। इनमें ऑटिज्म, डाउन सिंड्रोम सहित विभिन्न विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चे शामिल थे।आर्या फैशन्स के प्रबंध निदेशक अभिषेक चौहान और कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारियों एवं कारीगरों ने बच्चों को आभूषण निर्माण, पैकिंग और विभिन्न हस्तशिल्प वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। बच्चों के सामने आभूषण बनाने का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण लिया और अपने हाथों से हस्तशिल्प तैयार कर खुशी जाहिर की।पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने डॉ. खुशबू सिंह और आर्या फैशन्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों को केवल आर्थिक सहायता देने के बजाय कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास अधिक प्रभावी और प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य संस्थाएं और उद्योग भी इससे प्रेरणा लेकर आगे आएंगे।डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि यह पहल केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। आर्या फैशन्स की ओर से विशेष बच्चों को आगे भी निःशुल्क सामग्री और तैयार उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे तथा कंपनी की टीम समय-समय पर विद्यालय जाकर प्रशिक्षण और सहयोग प्रदान करेगी।कार्यक्रम के अंत में आर्या फैशन्स की टीम और विशेष बच्चों के बीच आत्मीयता का नया रिश्ता देखने को मिला। अतिथियों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव और विशेष बच्चों को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।




