शारदा विश्वविद्यालय और अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
शारदा विश्वविद्यालय और अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय और अस्पताल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों को याद करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें प्रबंधन, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का शुभारंभ शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता, प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता, वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा तथा अस्पताल के वरिष्ठ सदस्यों ने ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ किया। विद्यार्थियों ने हिंदी कविता और टॉक शो के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में आज की ज्वलंत समस्याओं से जुड़ा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए देश को स्वच्छ रखने में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों को याद करते हुए विद्यार्थियों को आजादी के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। विद्यार्थियों को भारत का भविष्य बताते हुए उन्होंने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह को संबोधित करते हुए एयर मार्शल संजीव कपूर (सेवानिवृत्त), AVSM, VM ने कहा कि 15 अगस्त हमें आजादी की कीमत और देशभक्ति की भावना की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और महात्मा गांधी जैसे महान लोगों ने देश के लिए समर्पण और बलिदान की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, स्वच्छता और तकनीकी प्रगति के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता, वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा, रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, स्टाफ, फैकल्टी सदस्य, डॉक्टर और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।




