गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। समारोह में प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कवि एवं गायक गजेंद्र सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके देशभक्ति से ओतप्रोत काव्य पाठ और गीतों ने विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में जोश और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके त्याग और समर्पण से देश की स्वतंत्रता एवं संप्रभुता सुरक्षित है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। समारोह के दौरान भारतीय सेना की 17 जाट रेजिमेंट के शहीद नितिन कुमार की माता को सम्मानित कर उनके साहस और त्याग को नमन किया गया। यह भावुक क्षण उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिला गया। मुख्य अतिथि गजेंद्र सोलंकी ने अपने संबोधन और देशभक्ति कविताओं के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना जगाई। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी युवा पीढ़ी में निहित है और युवाओं को अपने ज्ञान, संस्कार और कर्म के माध्यम से देश को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उनके ओजपूर्ण काव्य पाठ ने पूरे परिसर को देशभक्ति के माहौल से भर दिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा रैली भी निकाली गई। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के निर्माण का संकल्प लिया। समारोह में राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न गतिविधियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का यह स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, वीरों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश देते हुए संपन्न हुआ।




