आईबीए की भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी और श्रमिक हुए शामिल
आईबीए की भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी और श्रमिक हुए शामिल

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक व्यवसाय संघ (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में 300 से अधिक उद्यमियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जेके इंडस्ट्रीज, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 से राष्ट्रध्वज दिखाकर किया। यात्रा इकोटेक-3 के पूरे औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए घंटा चौक, सूरजपुर तक निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘वीर शहीद अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे उद्यमियों, कर्मचारियों और श्रमिकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। देशभक्ति के गीतों और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा के दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया गया।
तिरंगा देश के गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक : अमित कुमार उपाध्याय
औद्योगिक व्यवसाय संघ के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, आत्मसम्मान, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और सम्मान के सामने आने वाली हर चुनौती का देशवासी एकजुट होकर सामना करते हैं।उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को पूरा देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, गौरव और आत्मसम्मान का पर्व है। उन्होंने सभी देशवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और उद्योगों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की।
उद्योग जगत राष्ट्र निर्माण में भी निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : अभिषेक शर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उद्योग जगत द्वारा निकाली गई यह भव्य तिरंगा यात्रा इस बात का प्रमाण है कि उद्यमी वर्ग केवल आर्थिक विकास में ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नरेश चौहान और जेके इंडस्ट्रीज परिवार का विशेष आभार
औद्योगिक व्यवसाय संघ की ओर से उपाध्यक्ष नरेश चौहान एवं जेके इंडस्ट्रीज परिवार का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने तिरंगा यात्रा के शुभारंभ स्थल पर प्रतिभागियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं कीं और जलपान की व्यवस्था कर कार्यक्रम को यादगार बनाया।आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने नरेश चौहान की समाज एवं उद्योग जगत के प्रति सेवा भावना और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।
पुलिस प्रशासन का रहा सराहनीय सहयोग
तिरंगा यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहायक पुलिस आयुक्त-3 सेंट्रल राजू कुमार गुप्ता, इकोटेक-3 थाना प्रभारी रणजीत सिंह, उद्योग विहार चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार सहित पुलिस बल का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, कार्यकारी सदस्य हर्ष तोमर, संजय पांचाल, ललित सिंघल सहित 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी, श्रमिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के निर्माण के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। औद्योगिक व्यवसाय संघ की यह तिरंगा यात्रा औद्योगिक क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय चेतना का प्रभावशाली संदेश दे गई।




