बिसरख-दादरी में कांग्रेस की संगठन सृजन बैठकें, कार्यकर्ताओं से ली गई रायशुमारी
बिसरख-दादरी में कांग्रेस की संगठन सृजन बैठकें, कार्यकर्ताओं से ली गई रायशुमारी

गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत गुरुवार को बिसरख और दादरी में कांग्रेस की संयुक्त संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठन को बूथ से लेकर ब्लॉक और नगर स्तर तक मजबूत करने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से विस्तार से रायशुमारी की गई।बिसरख ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय, सादुल्लापुर में ब्लॉक अध्यक्ष विजय नागर के नेतृत्व में बैठक हुई। वहीं दादरी नगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक रेलवे रोड स्थित बालाजी फार्म पर आयोजित की गई। इसका आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष तीरथराम वाल्मीकि और नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने किया।बैठकों में संगठन सृजन अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व विधायक शेख मस्तान वली प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठकों की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, सक्रिय एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर अपने सुझाव रखे।पर्यवेक्षक शेख मस्तान वली ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को नई ऊर्जा और दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके बूथ स्तर के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। संगठन में जिम्मेदारी केवल पद बांटने के लिए नहीं, बल्कि जनता के बीच सक्रिय और संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाने के उद्देश्य से दी जानी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की रायशुमारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनके सुझावों को संगठनात्मक निर्णयों में उचित स्थान दिया जाएगा।जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में संगठन सृजन अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बिसरख और दादरी की बैठकों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी और संगठन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वास्तविक आधार उसका कार्यकर्ता है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लंबे समय से जनता के बीच रहकर पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कांग्रेस संगठन को जिला, ब्लॉक, नगर, ग्राम, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय किया जाएगा।दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच संघर्ष कर रहे हैं। आने वाले समय में इन मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा।बैठकों में पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, विजय नागर, रन सिंह प्रधान, सरजीत सिंह, तीरथराम वाल्मीकि, धर्मवीर प्रधान, भगवती शर्मा, दुष्यंत नागर, किशन शर्मा, अशोक पंडित, गौतम अवाना, दिनेश अवाना, राधा रानी, वसील अहमद, मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, महकार तंवर, नीरज लोहिया, धर्म सिंह, पुनीत मावी, मेहरबान मालिक, नीतीश चौधरी, विपिन त्यागी, गीता देवी, नदीम प्रधान सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, नगर कांग्रेस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




