प्राधिकरण की बैठक में गोल्फ लिंक के विकास कार्यों पर बनी सहमति, आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 करेगी विकास कार्य
प्राधिकरण की बैठक में गोल्फ लिंक के विकास कार्यों पर बनी सहमति, आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 करेगी विकास कार्य

ग्रेटर नोएडा।अंसल गोल्फ लिंक-1 में चल रहे सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान के लिए 3 अगस्त 2026 को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों को अपनी-अपनी बात रखने तथा क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक सुझाव देने का अवसर दिया गया।आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने बताया कि अंसल गोल्फ लिंक-1 एक फ्रीहोल्ड आवासीय क्षेत्र है, जहां भूखंडों का आवंटन अंसल बिल्डर द्वारा किया गया था। पहले क्षेत्र के विकास कार्य बिल्डर द्वारा कराए जाते थे, लेकिन कुछ लोगों के दबाव और कर्मचारियों को परेशान किए जाने के कारण बिल्डर ने विकास कार्य बंद कर दिए। इसके बाद अधिकांश निवासियों ने क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 का गठन किया, जिसका नेतृत्व वर्तमान में विनोद कसाना कर रहे हैं।बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ), विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी), महाप्रबंधक (जीएम), उपमहाप्रबंधक (डीजीएम), प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। विचार-विमर्श के बाद अधिकारियों ने निर्णय लिया कि अंसल गोल्फ लिंक-1 में सड़क निर्माण, पार्कों के रखरखाव एवं अन्य विकास कार्य आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 द्वारा ही कराए जाएंगे।
बैठक में एसीईओ ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्राधिकरण के पास गोल्फ लिंक के विकास कार्यों के लिए अलग से कोई बजट उपलब्ध नहीं है। हालांकि, निवासियों द्वारा पूर्व में प्राधिकरण के पास जमा कराई गई धनराशि से सीवर एवं नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा शीघ्र ही स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए निविदा जारी कर कार्य पूरा कराया जाएगा। अन्य विकास कार्य आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 द्वारा किए जाएंगे।बैठक के दौरान कुछ लोगों ने विकास कार्यों को लेकर असहमति जताते हुए बैठक छोड़ने का प्रयास किया। इस पर अधिकारियों ने उन्हें समझाते हुए कहा कि प्राथमिकता क्षेत्र का विकास होना चाहिए, चाहे वह प्राधिकरण के माध्यम से हो या आरडब्ल्यूए के माध्यम से। अधिकारियों ने उनसे यह भी कहा कि वे लिखित रूप से आश्वासन दें कि भविष्य में विकास कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न नहीं करेंगे। इसके बाद संबंधित लोगों ने भी सहमति जताई कि वे गोल्फ लिंक के विकास के पक्षधर हैं और विकास कार्यों में सहयोग करेंगे।
आरडब्ल्यूए परिचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने बैठक के सफल आयोजन एवं सकारात्मक निर्णय के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गोल्फ लिंक के सभी निवासियों से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आरडब्ल्यूए का सहयोग करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।बैठक में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विनोद कसाना, उपाध्यक्ष हंसराज चौधरी, सचिव राजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष वीर सिंह चौहान, सह सचिव दीपक जैन, विजेंद्र भाटी, कोसिंदर चौधरी, हिमांशु शर्मा, नीरज सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




