“एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न
“एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न
मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विकास विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ
“वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद में किया गया 10,15,766 पौधों का रोपण”

गौतमबुद्धनगर।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में तथा उत्तर प्रदेश पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत आज ग्रेटर नोएडा स्थित सिग्मा-4 बैंक साइड ग्रीन बेल्ट, सिग्मा टेकज़ोन के निकट वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जन प्रतिनिधिगण, अधिकारियों, स्वयं सेवी संस्थाओं तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 वृहद कार्यक्रम में 12 जुलाई 2026 को शासन द्वारा प्रदेश में 35 करोड़ पौधे के रोपण का लक्ष्य रखा गया था एवं जनपद गौतमबुद्धनगर में वन विभाग एवं अन्य विभागों सहित कुल 9,46,017 पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया था।इस वृहद कार्यक्रम का मुख्य अतिथि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने शुभारंभ किया तथा पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि माननीय विधान परिषद सदस्य मेरठ, सहारनपुर श्रीचंद शर्मा एवं एम0एल0सी0 नोएडा नरेंद्र भाटी, प्रशासक जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, सेवानिवृत्त वन अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, फाउंडर शी विंग्स फाउंडेशन मदन मोहन भारद्वाज एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों, छात्रों, आई०टी०बी०पी० के जवानों, आर०डबलू०ए० के सदस्यों, स्वयं सेवी संस्थाओं एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा मौलश्री, जामुन एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा सभी अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट किया गया। इस अवसर पर मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि उत्तर प्रदेश की बात करें तो पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में लगभग 242 करोड़ पौधे लगाए गए हैं, जिससे हरित क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , सभी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश के वन एवं हरित क्षेत्र को लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन यह केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं होगा। इसके लिए पूरे समाज, बच्चों, युवाओं और प्रत्येक परिवार को आगे आना होगा।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर केक और मिठाइयों के साथ कम से कम उतने ही पौधे लगाने का संकल्प लें, जितनी उनकी आयु है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन, बेहतर पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। मंत्री ने बताया कि इस वर्ष भी प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने तथा ऐसे वृक्ष लगाने का आग्रह किया जिन पर पक्षी अपना घोंसला बना सकें, क्योंकि प्रकृति और जीव-जंतुओं की रक्षा के बिना पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। अंत में उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण हर बीमारी का इलाज है और हम सबको मिलकर इसे जनआंदोलन बनाना होगा।एम0एल0सी0 नरेंद्र भाटी ने कहा कि स्वस्थ जीवन और समृद्ध भविष्य के लिए ऑर्गेनिक खेती तथा वृक्षारोपण दोनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से जहां रसायनों के दुष्प्रभाव कम होते हैं और पौष्टिक फल एवं सब्जियां प्राप्त होती हैं, वहीं अधिक से अधिक वृक्ष लगाने से पर्यावरण संतुलित रहता है तथा स्वच्छ और शुद्ध हवा मिलती है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अपने घरों और आसपास के खाली स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधे लगाएं और उनका संरक्षण भी करें। विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और बदलती जीवनशैली को देखते हुए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कोरोना काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय ऑक्सीजन के महत्व को सभी ने महसूस किया और यदि अधिक संख्या में वृक्ष होते तो परिस्थितियां और बेहतर हो सकती थीं। उन्होंने लोगों से प्रकृति के निकट रहने, पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों और आसपास पौधरोपण के लिए स्थान सुरक्षित रखने, विशेष रूप से जामुन सहित अन्य फलदार वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण करने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और भविष्य की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रशासक जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर अमित कुमार ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर जनपद में निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य को पूरा करने की जिम्मेदारी हम सभी को मिलकर निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक स्वयं की जिम्मेदारी तय करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प ले और उनके संरक्षण का भी ध्यान रखे। उन्होंने विशेष रूप से फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन से मिलकर वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने और गौतमबुद्धनगर को अधिक हरित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष पूरे प्रदेश में 35 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन, पर्यावरण और स्वास्थ्य की रक्षा करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें, ताकि वे बड़े होकर छायादार और फलदार वृक्ष बन सकें। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी कहा कि जनपद गौतमबुद्धनगर में लगाए जा रहे लगभग 10 लाख पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे जनपद की हरियाली, सुंदरता और पर्यावरण और अधिक समृद्ध हो तथा यहां के लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “जनपद गौतमबुद्धनगर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने में सभी जनप्रतिनिधियों, विभागों, औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों का योगदान अत्यंत सराहनीय है। हमारा उद्देश्य केवल लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं संवर्धन को सुनिश्चित करना भी है। सभी संबंधित विभागों को पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में स्थायी और सकारात्मक परिणाम प्रदान कर सके।”
कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर प्रभागीय वनाधिकारी मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं समस्त अधिकारीगण / कर्मचारियों, स्वंय सेवी संस्थाओं तथा गणमान्य व्यक्तियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
प्रभागीय वन अधिकारी बताया कि जनपद स्तरीय कन्ट्रोल रूम में प्राप्त समस्त विभागों की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार वन विभाग द्वारा 93,330 पौधारोपण एवं अन्य राजकीय विभागों द्वारा 9,22,436 पौधारोपण किया गया। इस प्रकार जनपद कुल 10,15,766 पौधारोपण किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रमुख सचिव, सिंचाई एवं जल ससांधन विभाग उ०प्र०/ नोडल अधिकारी-वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, गौतमबुद्धनगर अनिल गर्ग (IAS) द्वारा जनपद गौतमबुद्धनगर में विभिन्न वृक्षारोपणों का निरीक्षण कर विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण किया गया।
इसी प्रकार जनपद के विभिन्न विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों द्वारा फलदार, छायादार एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया




