जिला सेवायोजन कार्यालय एवं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में कौशल एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का सफल आयोजन
जिला सेवायोजन कार्यालय एवं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में कौशल एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का सफल आयोजन
युवाओं के लिए आगामी महीनों से विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव एवं रोजगार सृजन हेतु महत्वपूर्ण एमओयू संपन्न

गौतमबुद्धनगर।युवाओं को रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर एवं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में आज जी.एन.आई.ओ.टी. ग्रेटर नोएडा में एक दिवसीय कौशल एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य, रोजगार के बदलते स्वरूप, कौशल विकास के महत्व तथा रोजगार के नवीन अवसरों के संबंध में जागरूक करना था। कार्यक्रम के माध्यम से उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम में जनपद के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों, जिसमें दिल्ली टेक्निकल कैंपस, मंगलमय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, राम-ईश इंस्टीट्यूट, एक्यूरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जी.एल. बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एनआईईटी) तथा लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त विभिन्न सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), आर्य फैशन्स, सिद्धि इन्फो नेट, राल्वो इंजीनियरिंग, मातंगी पॉलिमर्स, एयर फ्लो तथा केयर डेकोर इंडिया सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) एवं इंडियन बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर उद्योगों की आवश्यकताओं, रोजगार की संभावनाओं तथा कौशल आधारित प्रशिक्षण के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए।जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी माहों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सहयोग से स्नातक उत्तीर्ण (Graduate Pass-out) एवं गैर-तकनीकी (Non-Technical) अभ्यर्थियों के लिए विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सम्मिलित होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सेवायोजन विभाग के “रोजगार संगम” पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को टीसीएस आयन (TCS iON) पोर्टल पर भी अपना पंजीकरण सुनिश्चित करना होगा, जिससे वे प्लेसमेंट प्रक्रिया में सम्मिलित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।कार्यशाला के दौरान विभिन्न एमएसएमई इकाइयों के नियोजकों ने अवगत कराया कि उन्हें कुशल एवं योग्य मानव संसाधन की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिला सेवायोजन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिला सेवायोजन कार्यालय, टीसीएस के सहयोग से उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विशिष्ट योग्यता एवं कौशल वाले अभ्यर्थियों की पहचान कर उन्हें उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित करेगा। इससे स्थानीय उद्योगों की कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता की पूर्ति होने के साथ-साथ युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।इसी क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर द्वारा जी.एन.आई.ओ.टी., ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार एवं प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान आर्या फैशन के मध्य रोजगार सृजन एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर, उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल से प्रदेश में रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी, उद्योगों को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होगा तथा युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं आर्या फैशन के मध्य स्थापित यह सहयोग कौशल विकास, उद्योग–शिक्षा समन्वय तथा रोजगारपरक प्रशिक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल सिद्ध होगा।कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, एमएसएमई प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह संकल्प व्यक्त किया गया कि भविष्य में भी उद्योगों, शिक्षण संस्थानों एवं सेवायोजन विभाग के समन्वय से ऐसे रोजगारोन्मुखी एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे जनपद गौतमबुद्धनगर के युवाओं को अधिकाधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति प्रदान की जा सके।




