ग्रेटर नोएडा में 12 जुलाई को होगा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह, 400 से अधिक मेधावियों का होगा सम्मान
ग्रेटर नोएडा में 12 जुलाई को होगा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह, 400 से अधिक मेधावियों का होगा सम्मान

ग्रेटर नोएडा। जिले की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से राजेश पायलट शिक्षा समिति द्वारा 12 जुलाई को एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह सुबह 10 बजे से आईईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नॉलेज पार्क-1, जगत फार्म, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।
समिति के संस्थापक दीपक भाटी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, खेल, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें सम्मानित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर विशेष रूप से गौतमबुद्ध नगर जिले के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में लगभग 400 से 500 मेधावी छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही खेल, सामाजिक कार्य और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।समारोह में इलाहाबाद हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, प्रख्यात उद्योगपति डॉ. अभिषेक वर्मा सहित देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।आयोजकों का कहना है कि यह समारोह न केवल मेधावी छात्रों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, प्रेरणा और उत्कृष्टता की भावना को भी बढ़ावा देगा। यह आयोजन ग्रेटर नोएडा में प्रतिभाओं के महाकुंभ के रूप में यादगार साबित होने की उम्मीद है।




