GautambudhnagarGreater noida news

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गौतमबुद्धनगर के समस्त कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा एवं वैधानिक जांच कराने हेतु जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गौतमबुद्धनगर के समस्त कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा एवं वैधानिक जांच कराने हेतु जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ग्रेटर नोएडा इकाई द्वारा जनपद गौतम बुद्ध नगर के समस्त कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था एवं वैधानिक मानकों की जांच कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी महोदय, गौतम बुद्ध नगर को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन के माध्यम से लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में हुई भीषण अग्निकांड की घटना का उल्लेख करते हुए जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, वैध एनओसी, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, सीसीटीवी, डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक जांच कराने की मांग की गई।प्रांत मंत्री गौरव गौड़ ने कहा कि लखनऊ जैसी दुखद घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। ऐसी घटनाएं केवल एक शहर तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि यह पूरे देश के शैक्षणिक संस्थानों के लिए चेतावनी हैं। गौतम बुद्ध नगर देश का प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी विभिन्न कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करते हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा किसी भी परिस्थिति में समझौते का विषय नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों में विशेष अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, वैध एनओसी, आपातकालीन निकास एवं अन्य आवश्यक मानकों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। जो संस्थान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर रहे हों, उनके विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।अभाविप ने प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों के जीवन एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बना रहे। विद्यार्थी परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।

इस अवसर पर विभाग संयोजक अमरेन्द्र सिंह, नगर मंत्री देवांश उपाध्याय, तहसील संयोजक तुषार छपराना, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राज कुमार जादोन, आदित्य तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button