लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का अध्ययन भ्रमण, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की अध्यक्षता
लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का अध्ययन भ्रमण, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की अध्यक्षता
एयरपोर्ट की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

ग्रेटर नोएडा। लोकसभा हाउसिंग कमेटी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर में स्थानीय अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।संबंधित विभागों के अधिकारियों ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना का संक्षिप्त परिचय देते हुए वर्तमान निर्माण कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सांसदों एवं वीवीआईपी के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं, वीआईपी एवं वीवीआईपी लाउंज, यात्री सुविधाओं, प्रस्थान और आगमन क्षेत्रों, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध, टर्मिनल भवन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पहलों का अवलोकन कराया।
बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL), यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI), केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और भविष्य में आवश्यक चिकित्सीय सुविधाओं एवं सुधारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में हाउसिंग कमेटी की सदस्य एवं सांसद अपराजिता सारंगी, सांसद कोडिकुन्निल सुरेश, सांसद अक्षय यादव, बुलंदशहर सांसद भोला सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी एवं श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर अमित चौधरी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, संबंधित एजेंसियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके समन्वय और सहयोग की सराहना की।इस अवसर पर डॉ. महेश शर्मा ने देश में विश्वस्तरीय नागरिक उड्डयन अवसंरचना के विकास और कनेक्टिविटी को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को गति प्रदान करने, निवेश और आधारभूत संरचना के विकास को नई दिशा देने तथा प्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार व्यक्त किया।उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और वैश्विक संपर्क का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा।




