एडवोकेट नरेंद्र भाटी डाढ़ा की मौजूदगी में धूमधाम से मनी बाबा साहेब की 135वीं जयंती
एडवोकेट नरेंद्र भाटी डाढ़ा की मौजूदगी में धूमधाम से मनी बाबा साहेब की 135वीं जयंती

ग्रेटर नोएडा ।जेवर विधानसभा क्षेत्र के चचूरा और डाढ़ा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने उनके जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।इस मौके पर एड. नरेंद्र भाटी, भाजपा नेता एवं जेवर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, न्याय और शिक्षा के महान प्रतीक थे। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।उन्होंने बाबा साहेब के प्रसिद्ध संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को दोहराते हुए कहा कि यह हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शिक्षा को समाज में बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए लोगों से जागरूक और संगठित रहने का आह्वान किया।नरेंद्र भाटी ने कहा कि बाबा साहेब ने अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए देश को एक मजबूत संविधान दिया, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। उन्होंने समाज से भेदभाव समाप्त कर समतामूलक भारत के निर्माण की दिशा में कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने तथा समाज में समानता, शिक्षा और एकता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ किया गया।




