GautambudhnagarGreater noida news

मंडलायुक्त मेरठ मंडल, मेरठ की अध्यक्षता में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

मंडलायुक्त मेरठ मंडल, मेरठ की अध्यक्षता में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण आपसी समन्वय के साथ मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से तैयारियां करें पूर्ण: मंडलायुक्त

गौतमबुद्धनगर।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के आगामी प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए आज मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सभागार में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और अनुकरणीय बनाया जा सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों की प्रगति से मंडलायुक्त को अवगत कराया गया। मंडलायुक्त ने मंच, लोकार्पण स्थल एवं रैली स्थल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए सुरक्षा, पार्किंग, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, आमंत्रण प्रक्रिया, शटल बस सेवा, वीआईपी एवं वीवीआईपी मूवमेंट, व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं को उच्च मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, ओडीओपी उत्पादों तथा एयरपोर्ट परियोजना से संबंधित उच्च गुणवत्ता की वीडियो एवं फोटो सामग्री प्रदर्शित की जाए एवं कार्यक्रम का व्यापक कवरेज तथा कार्यक्रम से संबंधित लघु फिल्म तैयार करने के भी निर्देश दिए, जिससे आयोजन की भव्यता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन पर बल देते हुए निर्देश दिए कि रैली स्थल, पार्किंग स्थल एवं प्रमुख मार्गों पर स्पष्ट साइनेज जैसे पार्किंग नंबर, रूट प्लान, गेट नंबर, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप एवं पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम आदि समय से स्थापित किए जाएं। एंट्री पॉइंट्स पर सुरक्षा जांच को तेज और सुगम बनाने के लिए माइक्रो पार्किंग प्लान लागू करने तथा मंच, पार्किंग, कंट्रोल रूम, क्रेन एवं जन समूह/वीआईपी प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही लाइजनिंग, इमरजेंसी एवं कंटीजेंसी प्लान को सक्रिय रखने और सभी मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को पूर्व में ही दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।  जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को आश्वस्त करते हुए कहा कि आज आपके द्वारा दिए गये सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारियों द्वारा अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।बैठक में अपर मुख्य कार्यपालिका अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, अपर मंडलायुक्त अमित कुमार, अपर मंडलायुक्त सिटी बृजेश, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी योजना राजेश कुमार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, डीसीपी ट्रैफिक डॉ प्रवीण रंजन, पूनम मिश्रा, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे

Related Articles

Back to top button