GautambudhnagarGreater noida news

ग्रेटर नोएडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक मार्गदर्शन

ग्रेटर नोएडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक मार्गदर्शन

डा. महेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए किया प्रेरित

ग्रेटर नोएडा ।भारतीय जनता पार्टी के ग्रेटर नोएडा मण्डल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों तथा एकात्म मानववाद की जीवनदृष्टि को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से 7 व 8 मार्च 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएमटी कॉलेज परिसर में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर” का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा एवं मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के मार्गदर्शन में सात सत्रों के माध्यम से संपन्न हुआ।प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा, संगठनात्मक अनुशासन, वैचारिक स्पष्टता तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना रहा। विभिन्न सत्रों में प्रबुद्ध वक्ताओं ने संगठन की कार्यपद्धति, राष्ट्रवादी विचारधारा, सामाजिक समरसता और सेवा-भाव जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया।समापन सत्र में गौतमबुद्धनगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ देश के समग्र विकास की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आधारभूत संरचना, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों ने देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई गति दी है।डॉ. महेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का लाभ पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।इस दो दिवसीय कार्यक्रम के सात-सत्रों में दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, आशीष वत्स, शिव ओम शर्मा, गजेंद्र मावी, वीरेंद्र भाटी ने भी अपने अलग-अलग विषयों पर पूरी निष्ठा के साथ कार्यकर्ताओं के सामने अपने विचार रखे। प्रशिक्षण वर्ग के जिला सहसंयोजक मंडल के महामंत्री मुकेश दीक्षित, मंडल के कार्यक्रम संयोजक, उपाध्यक्ष राघवेंद्र त्रिपाठी, प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी, उपाध्यक्ष विजय कसाना, दुष्यंत चौहान, संजय चौहान, सुनील शर्मा, कपिल भाटी, मंडल मंत्री गौरव तोमर, भूपेंद्र कुमार, गजेंद्र बिधूड़ी, भारत भूषण परमार, अमित सिंह, कोषाध्यक्ष आर्य कोरी, मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा, आईटी संयोजक प्रभात अग्रवाल, सोशल मीडिया संयोजक, अरुण मलेठा, कार्यकारिणी सदस्य अंकुर चंद्र, अनिल सोनकर एवं अन्य कार्यकर्ता रहे।

Related Articles

Back to top button