तहसील दादरी में के आर बी कॉन्वेंट स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न
तहसील दादरी में के आर बी कॉन्वेंट स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न

गौतमबुद्धनगर।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में तथा जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव के दिशा निर्देशन में एवं अपर सिविल जज गौतमबुद्धनगर जूही आनंद की अध्यक्षता में दादरी स्थित के आर बी कॉन्वेंट स्कूल के प्रांगण में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला कल्याण विभाग की प्रतिनिधि सुनीता द्वारा विभाग की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग से रश्मि त्रिपाठी द्वारा मिशन प्रेरणा, डीबीटी योजना, प्रधानमंत्री पोषण योजना, मिड डे मील योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा ऑपरेशन कायाकल्प आदि योजनाओं के उद्देश्य एवं लाभार्थियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। अपर सिविल जज जूही आनंद ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि 22 फरवरी 2026 को प्रात 10 बजे से नोएडा हाट सेक्टर 33ए नोएडा में मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के लगभग 44 स्टाल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।शिविर के दौरान विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले दो छात्र छात्राओं का चयन किया गया। चयनित बच्चों को 22 फरवरी 2026 को आयोजित मेगा शिविर में सम्मानित किया जाएगा। यह भी अवगत कराया गया कि मेगा शिविर अभियान के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों द्वारा अलग अलग स्थलों पर इस प्रकार के लघु विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।अंत में जनसामान्य से अपील की गई कि 22 फरवरी 2026 को नोएडा हाट में आयोजित मेगा साक्षरता शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक कपिल शर्मा, पीएलवी बालचंद नागर, रोहताश सिंह, सतपाल सिंह, ब्रह्म सिंह नागर सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं, उनके अभिभावक एवं विद्यालय की अध्यापिकाएं उपस्थित रहे




