यमुना प्राधिकरण की जेवर एयरपोर्ट के पास बड़ी कार्यवाही 400 करोड़ की अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 1 लाख वर्ग मीटर भूमि कराई मुक्त
यमुना प्राधिकरण की जेवर एयरपोर्ट के पास बड़ी कार्यवाही 400 करोड़ की अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 1 लाख वर्ग मीटर भूमि कराई मुक्त

ग्रेटर नोएडा | यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए रविवार को बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम ने अधिसूचित क्षेत्र में फैली अवैध कॉलोनियों और निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।कार्रवाई के दौरान ग्राम दयानतपुर में खसरा संख्या 463 (क्षेत्रफल 4.6660 हेक्टेयर) तथा गाटा संख्या 447 (क्षेत्रफल 3.0090 हेक्टेयर) पर कुल 7.6750 हेक्टेयर यानी 76,750 वर्ग मीटर भूमि पर “ऐरो ग्रीन सिटी” के नाम से की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही एयरपोर्ट को जाने वाले 60 मीटर चौड़े मार्ग पर किए जा रहे अवैध निर्माण भी हटाए गए।इसी क्रम में ग्राम साबीता मुस्तफाबाद में करीब 24,000 वर्ग मीटर भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चला। इस व्यापक अभियान के तहत यमुना प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में कुल 1,00,750 वर्ग मीटर भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है, को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया।मौके पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी हरि प्रताप, शिवौतार सिंह, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह तथा थाना प्रभारी जेवर संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने अवैध निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि प्राधिकरण की भूमि अथवा अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग कर कॉलोनी काटने या निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और बिना किसी नोटिस के निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे एयरपोर्ट और औद्योगिक विकास के दृष्टिकोण से जरूरी कदम बताया है।



