GautambudhnagarGreater noida news

श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के शैक्षिक योगदान को किया नमन

श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के शैक्षिक योगदान को किया नमन

दनकौर। श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में 12 नवंबर को भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात शिक्षाविद् मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती (11 नवम्बर) के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स, उप-प्राचार्या एवं आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. रश्मि गुप्ता तथा समस्त प्राध्यापकगण द्वारा मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम में डॉ. राजीव पांडेय उर्फ पिंटू ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा समाज में समानता, जागरूकता एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना एक प्रगतिशील एवं समावेशी राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है।इसके पश्चात डॉ. रश्मि जहां ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के बौद्धिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास का आधार है। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के शैक्षिक विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के माध्यम से एक सशक्त, जागरूक एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने अपने संबोधन में मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के भारतीय शिक्षा व्यवस्था के विकास में ऐतिहासिक एवं अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज़ाद जी स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में आधुनिक, वैज्ञानिक एवं तकनीकी शिक्षा के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने देश में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दूरदर्शी पहल की। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर की स्थापना (1951), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी ) के विकास एवं 1953 में इसके औपचारिक शुभारंभ तथा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के माध्यम से तकनीकी शिक्षा के समन्वित विकास के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने यह भी बताया कि आज़ाद जी ने देश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अनुसंधान की संस्कृति को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साहित्य, कला एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए साहित्य अकादमी, संगीत नाटक अकादमी और ललित कला अकादमी जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं के विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्राचार्य ने कहा कि मौलाना आज़ाद का मानना था कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए। उनके दूरदर्शी विचार आज भी भारतीय शिक्षा व्यवस्था को दिशा प्रदान करते हैं तथा विकसित, आत्मनिर्भर एवं ज्ञान आधारित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।कार्यक्रम के दौरान मौलाना आज़ाद के प्रेरणादायी जीवन, उनके शैक्षिक दर्शन तथा भारतीय शिक्षा व्यवस्था के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने समान शैक्षिक अवसरों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना रहा।कार्यक्रम का समापन शिक्षा के प्रसार, गुणवत्ता एवं समान अवसरों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button