बसपा में सतवीर नागर की हुई वापसी,सौंपी गई मेरठ मंडल जोन प्रभारी की बड़ी जिम्मेदारी
बसपा में सतवीर नागर की हुई वापसी,सौंपी गई मेरठ मंडल जोन प्रभारी की बड़ी जिम्मेदारी

ग्रेटर नोएडा/दनकौर। बहुजन समाज पार्टी के गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रहे सतवीर नागर की पार्टी में पुनः वापसी हो गई है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती द्वारा उन्हें मेरठ मंडल जोन का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व ही उनका पार्टी से निष्कासन हुआ था, लेकिन अब दोबारा पार्टी में वापसी के साथ ही उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी नेतृत्व ने यह निर्णय लिया है।शुक्रवार को दनकौर स्थित उनके कैंप कार्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे और उनका जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी व्यक्त की।इस अवसर पर पार्टी संगठन से जुड़े लख्मी सिंह ने कहा कि सतवीर नागर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से मेरठ मंडल में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और कार्यकर्ताओं में भी नए उत्साह का संचार होगा।
उन्होंने कहा कि सतवीर नागर लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने भी उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।इस मौके पर सतबीर नागर ने कहा कि वह पार्टी के सिपाही हैं उन्होंने सदैव बसपा पार्टी के लिए काम किया है उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी महत्वपूर्ण सफलता हासिल करेगी




