विश्व हृदय दिवस पर यथार्थ अस्पताल ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
विश्व हृदय दिवस पर यथार्थ अस्पताल ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम

ग्रेटर नोएडा। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, ओमेगा-1 की ओर से हृदय स्वास्थ्य को लेकर सामुदायिक जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में स्थानीय समुदाय के लोगों और विभिन्न परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी सामान्य मानकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा इंटरैक्टिव गेम्स, मनोरंजक गतिविधियां और जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।हृदय स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी कराई गई, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समृद्धि लक्ज़ुरिया वेन्यू आरडब्ल्यूए, पूर्वांचल रॉयल सिटी आरडब्ल्यूए, गोदरेज गोल्फ लिंक्स आरडब्ल्यूए और जेपी अमन आरडब्ल्यूए सहित विभिन्न संस्थाओं तथा स्कूलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वेद प्रकाश, डायरेक्टर एवं एचओडी-सीटीवीएस, डॉ. दीपांकर वत्स, सीनियर कंसल्टेंट-कार्डियोलॉजी, डॉ. अश्वनी कंसल, हेड-प्रिवेंटिव हेल्थ चेक-अप तथा डॉ. अभय आनंद, सीनियर कंसल्टेंट एवं एचओडी-नॉन-इनवेसिव कार्डियोलॉजी ने हृदय स्वास्थ्य, बचाव और समय पर बीमारी की पहचान के महत्व पर जानकारी दी।अस्पताल के सीओओ एवं फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार बालियान ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल बीमारी होने के बाद नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ शुरू होनी चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच, शारीरिक गतिविधि, संतुलित खान-पान और तनाव प्रबंधन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।उन्होंने कहा कि समुदाय आधारित जागरूकता कार्यक्रम लोगों को निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ हुआ। अस्पताल की ओर से संदेश दिया गया कि हृदय की देखभाल केवल विश्व हृदय दिवस तक सीमित न रहकर स्वस्थ जीवनशैली का नियमित हिस्सा बननी चाहिए।




