GautambudhnagarGreater noida news

राम जन्म से अयोध्या में खुशी की लहर, श्री रामलीला कमेटी साइट-4 में हुआ भव्य मंचन

राम जन्म से अयोध्या में खुशी की लहर, श्री रामलीला कमेटी साइट-4 में हुआ भव्य मंचन

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित श्री रामलीला कमेटी की रामलीला के दूसरे दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव सहित कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। रामलीला की शुरुआत रावण-वेदमती संवाद से हुई। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और राम जन्म के प्रसंग से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता विजेंद्र भाटी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र डाढा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी लोगों को अपने जीवन में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को अपनाना चाहिए।

कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि मंचन के दौरान जनकपुरी में राजा जनक द्वारा हल चलाते समय माता सीता के प्राकट्य का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अयोध्या में गुरु वशिष्ठ द्वारा राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के नामकरण संस्कार तथा चारों राजकुमारों की शिक्षा-दीक्षा के प्रसंगों का मंचन हुआ। बड़े होने पर राजा दशरथ ने चारों राजकुमारों को गुरु वशिष्ठ के आश्रम में शिक्षा प्राप्त करने के लिए भेजा।

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि ऋषि विश्वामित्र, राक्षसों सुबाहु और मारीच के अत्याचारों से परेशान होकर राजा दशरथ के पास पहुंचे और यज्ञ की रक्षा के लिए राम-लक्ष्मण को अपने साथ ले गए। इसके बाद भगवान श्रीराम ने ताड़का का वध किया और सुबाहु तथा मारीच के अत्याचारों का अंत कर ऋषियों को भयमुक्त किया। इन प्रसंगों का दर्शकों ने उत्साह के साथ आनंद लिया।

उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि अगले दिन की रामलीला में अहिल्या उद्धार, जनकपुरी भ्रमण और गौरी पूजन की लीलाओं का मंचन किया जाएगा। वहीं, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि 15 अक्टूबर को धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद और सीता स्वयंवर का भव्य मंचन होगा। इस दौरान 50 फीट लंबे धनुष को 55 फीट की ऊंचाई पर खंडित किए जाने का विशेष आकर्षण रहेगा। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने की अपील की।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल भाटी, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, कमल सिंह आर्य, हरेंद्र भाटी, केके शर्मा, अमित गोगल, मुकेश शर्मा, मुकुल गोयल, अरुण गुप्ता, चाचा हिंदुस्तानी, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, गिरीश जिंदल, अतुल जिंदल, विशाल जैन, मनोज यादव, श्यामवीर भाटी, विकास भाटी, रिंकू, दीप अग्रवाल, दीपक, राहुल, मोनू, प्रभाकर देशमुख, प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button