Gautambudhnagar

माउंट यूनाम की 6,111 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा, PDA का परचम

माउंट यूनाम की 6,111 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा, PDA का परचम

लाहौल-स्पीति, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘PDA शिखर अभियान 2026’ के पर्वतारोहियों ने माउंट यूनाम की 6,111 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचकर तिरंगा और PDA का परचम फहराया। माउंट एवरेस्ट विजेता सागर कसाना के नेतृत्व में विपुल, हर्ष यादव और साहिल ने इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।

टीम ने 8 अगस्त से अभियान की शुरुआत की थी। कठिन उच्च हिमालयी परिस्थितियों में चरणबद्ध तरीके से ऊंचाई हासिल करते हुए पर्वतारोहियों ने अंतिम चरण में 14 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे लगभग 17 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित समिट कैंप से Summit Push शुरू किया।

करीब सात घंटे की कठिन चढ़ाई के बाद टीम सुबह 6:40 बजे माउंट यूनाम के शिखर पर पहुंची। यहां उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज और PDA का परचम फहराकर देश के स्वतंत्रता दिवस को गौरवपूर्ण तरीके से मनाया।

माउंट यूनाम पर कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं, बर्फीली परिस्थितियों और तकनीकी चढ़ाई जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अभियान के अंतिम चरण में कई स्थानों पर करीब 75 डिग्री तक की खड़ी चढ़ाई भी रही। अभियान के दौरान टीम के सदस्यों को ऊंचाई से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन पर्वतारोहियों ने संयम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प बनाए रखा।

सागर कसाना ने कहा कि जब हौसले बुलंद हों तो कठिन परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। उनके अनुसार, यह अभियान केवल पर्वतारोहण तक सीमित नहीं था, बल्कि युवाओं और खिलाड़ियों के सपनों को नई ऊंचाई देने का संदेश भी है। स्वतंत्रता दिवस पर माउंट यूनाम की चोटी पर तिरंगा और PDA का परचम फहराना टीम के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा।

PDA यानी Play • Develop • Achieve अभियान का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संदेश देना है।

अभियान दल ने इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। टीम के अनुसार, उन्होंने PDA शिखर अभियान का शुभारंभ कर पर्वतारोहियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया था।

माउंट यूनाम के शिखर से टीम ने देश के युवाओं को संदेश दिया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और साहस के साथ भारत का युवा हर चुनौती का सामना कर किसी भी शिखर को हासिल कर सकता है।

Related Articles

Back to top button