शहर के एकमात्र निःशुल्क खेल मैदान को बचाने की मुहिम को मिला जनप्रतिनिधियों का समर्थन, प्राधिकरण से यथास्थिति बनाए रखने की मांग
शहर के एकमात्र निःशुल्क खेल मैदान को बचाने की मुहिम को मिला जनप्रतिनिधियों का समर्थन, प्राधिकरण से यथास्थिति बनाए रखने की मांग

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-37 स्थित जोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मौजूदा मल्टी स्पोर्ट्स ग्राउंड को हॉकी स्टेडियम में बदलने की प्रस्तावित योजना का स्थानीय युवाओं और निवासियों ने विरोध तेज कर दिया है। क्षेत्रीय खेल परिसर बचाओ समिति के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को अब जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिलने लगा है।समिति के सदस्यों सतेंद्र नगर ने बताया कि यह मैदान शहर का एकमात्र निःशुल्क खेल परिसर है, जहां सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी के साथ-साथ 15 से अधिक खेलों का अभ्यास किया जाता है। उनका कहना है कि इसे केवल हॉकी स्टेडियम में बदलने से सैकड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा।समिति के मुकेश चौधरी ने बताया कि समिति ने एमएलसी एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी, दादरी विधायक तेजपाल नागर और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने युवाओं की मांग का समर्थन करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से खेल परिसर की यथास्थिति बनाए रखने और हॉकी स्टेडियम के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने की मांग की है।सांसद सुरेंद्र नागर ने भी प्राधिकरण के अधिकारियों से बातचीत कर मामले पर विस्तृत चर्चा का आश्वासन दिया, जबकि कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को भी ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री तक युवाओं की बात पहुंचाने की मांग की गई है।समिति का कहना है कि वे शहर के इस निःशुल्क खेल एवं रोजगार तैयारी केंद्र को बचाने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेंगे।




