GautamBuddhaUniversityGautambudhnagarGreater noida news

जीबीयू के सामाजिक कार्य विद्यार्थियों ने स्लम बस्तियों में बांटी मदद, स्वच्छता और शिक्षा का दिया संदेश

जीबीयू के सामाजिक कार्य विद्यार्थियों ने स्लम बस्तियों में बांटी मदद, स्वच्छता और शिक्षा का दिया संदेश

ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू ) के डिपार्टमेंट ऑफ सोशियोलॉजी एंड सोशल वर्क के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों द्वारा, 20 अगस्त 2026, विश्वविद्यालय के आसपास स्थित स्लम समुदायों में फील्ड ओरिएंटेशन विजिट एवं वितरण अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को समुदाय की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना तथा सामाजिक सेवा, जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सामाजिक कार्य के व्यावहारिक पक्ष का अनुभव प्रदान करना था।फील्ड विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने स्लम क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के बीच कपड़े, जूते-चप्पल, चादर तथा अन्य आवश्यक उपयोगी सामग्री का वितरण किया। विद्यार्थियों ने समुदाय के सदस्यों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी आवश्यकताओं को समझा और सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ वितरण अभियान में सक्रिय भागीदारी की।विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने विशेष रूप से बच्चों के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। बच्चों को हाथ धोने का सही तरीका व्यावहारिक रूप से प्रदर्शित किया गया तथा नियमित रूप से हाथ धोने एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने बच्चों और उनके अभिभावकों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।सामाजिक कार्य विद्यार्थियों ने समुदाय के अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा को प्राथमिकता देने के लिए भी जागरूक किया। विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षा बच्चों को बेहतर भविष्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास के अवसर प्रदान करती है। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति सकारात्मक एवं जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के डीन प्रो. माधव गोविंद ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि फील्ड विजिट सामाजिक कार्य शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक सामाजिक परिस्थितियों से जोड़ पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समुदाय के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और सहभागी दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
यह फील्ड ओरिएंटेशन विजिट असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राहुल कपूर, कोऑर्डिनेटर, सोशल वर्क, डिपार्टमेंट ऑफ सोशियोलॉजी एंड सोशल वर्क के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इस अवसर पर विभाग के संकाय सदस्य डॉ. सुहैल आलम, डॉ. कृति मिश्रा, श्री नवनीत सिंह एवं सुश्री मनलीन बावा ने विद्यार्थियों के साथ फील्ड विजिट में भाग लिया तथा विभिन्न गतिविधियों के संचालन में उनका मार्गदर्शन किया।
इस सफल फील्ड विजिट एवं वितरण अभियान ने सामाजिक कार्य के विद्यार्थियों को समुदाय के साथ प्रत्यक्ष संवाद, सेवा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का महत्वपूर्ण व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की भावना को और मजबूत किया।

Related Articles

Back to top button