एक ही रात में दो बड़ी वारदातों के बाद हरकत में आए पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के निवासी । डीसीपी और एडीएम से मुलाकात कर उठाई सुरक्षा की आवाज़,पुलिस कार्रवाई की सराहना और सुरक्षा के लिए सौंपा ज्ञापन
एक ही रात में दो बड़ी वारदातों के बाद हरकत में आए पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के निवासी
डीसीपी और एडीएम से मुलाकात कर उठाई सुरक्षा की आवाज़,पुलिस कार्रवाई की सराहना और सुरक्षा के लिए सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में 5 जुलाई 2026 की रात हुई दो गंभीर चोरी/डकैती की घटनाओं ने पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी थी। इन घटनाओं के बाद जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर मामले के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की, वहीं अब सोसाइटी के निवासी भी सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत कराने के लिए सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट कम्युनिटी टीम के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ) शैलेन्द्र सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (एडीएम ) मंगलेश दूबे से मुलाकात कर सोसाइटी की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।यह मुलाकात केवल हालिया घटनाओं पर चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने, सुरक्षा तंत्र को आधुनिक बनाने और प्रशासन व पुलिस के साथ समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल दोषियों को सजा दिलाना नहीं, बल्कि सोसाइटी के प्रत्येक निवासी को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
एडीएम मंगलेश दूबे ने गंभीरता से सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए तत्काल निर्देश
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले एडीएम मंगलेश दूबे से मुलाकात कर सोसाइटी की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों की जानकारी दी। ज्ञापन में प्रवेश और निकास व्यवस्था, सुरक्षा गार्डों की संख्या, सीसीटीवी निगरानी, रात्रि गश्त और अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की गई।एडीएम मंगलेश दूबे ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
डीसीपी शैलेन्द्र सिंह से मुलाकात, पुलिस कार्रवाई पर जताया आभार
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ) शैलेन्द्र सिंह से मुलाकात की। बैठक के दौरान पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट कम्युनिटी टीम की ओर से पुलिस विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मामले को शीघ्रता से आगे बढ़ाने के लिए DCP शैलेन्द्र सिंह एवं पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया गया।
डीसीपी ने दिया सुरक्षा बढ़ाने का भरोसा
बैठक के दौरान डीसीपी शैलेन्द्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण साझा किया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी सोसाइटी की सुरक्षा को लेकर हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने निवासियों से भी सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने और पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।
रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह और सुन्दर सिंह बोले— सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
कम्युनिटी टीम के वरिष्ठ सदस्य एवं रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह तथा सुन्दर सिंह ने कहा कि सोसाइटी के प्रत्येक निवासी की सुरक्षा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाएगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सुरक्षा से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी समय-समय पर सभी निवासियों के साथ साझा की जाएगा।कम्युनिटी टीम के सदस्य अशोक चौधरी ने कहा कि इस प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य हालिया घटनाओं से प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि केवल घटना के बाद कार्रवाई पर्याप्त नहीं होती, बल्कि ऐसी परिस्थितियों को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा ढांचा विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है।
कम्युनिटी टीम के सदस्य एडवोकेट गौरव शर्मा ने कहा कि पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट की ओर से डीसीपी शैलेन्द्र सिंह और पूरी पुलिस टीम को विशेष धन्यवाद दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस तेजी और प्रभावशीलता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया, उससे निवासियों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण सुझावों वाला ज्ञापन भी पुलिस को सौंपा।राजश्री बिष्ट और इंदु सोनी ने कह कि सोसाइटी के निवासियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन, पुलिस और कम्युनिटी टीम के संयुक्त प्रयासों से पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी और निवासी स्वयं को सुरक्षित महसूस करेंगे।इस प्रतिनिधिमंडल में हालिया घटना से प्रभावित सी-126 निवासी अपर्णा राय भी शामिल रहीं। उनके साथ राजश्री बिष्ट, इंदु सोनी, रिटायर्ड कमांडर उदल सिंह, सुन्दर सिंह, प्रमोद अग्रवाल, एडवोकेट गौरव शर्मा, संदीप त्यागी और अशोक चौधरी सहित कई प्रमुख निवासी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अनुरोध किया कि सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और बेहतर निगरानी व्यवस्था के साथ और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी निवासी को ऐसी अप्रिय घटनाओं का सामना न करना पड़े।




