जिलाधिकारी के साथ आईबीए की सकारात्मक बैठक, औद्योगिक समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
जिलाधिकारी के साथ आईबीए की सकारात्मक बैठक, औद्योगिक समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में प्रशासन की ओर से समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर सकारात्मक रुख दिखाई दिया।
बैठक में यूपीसीडा साइट-5 एवं साइट-बी/सी में लंबे समय से बनी जलभराव, ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान होने तक यूपीसीडा के साथ साप्ताहिक बैठक कर समस्या की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।आईबीए की ओर से उद्योग केंद्र-2, ईकोटेक-3 को ‘विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र’ के रूप में विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने प्रस्ताव की सराहना करते हुए जल्द संयुक्त समिति गठित करने का आश्वासन दिया। समिति में जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण और आईबीए के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके माध्यम से विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी।आईबीए के अनुसार, मॉडल औद्योगिक क्षेत्र की यह पहल सफल होने के बाद इसे जनपद के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है।जिलाधिकारी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की पहचान उद्योग और उद्यमियों से है। इसलिए उद्यमियों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस समस्या का संबंध जिस प्राधिकरण से है, उसका समाधान संबंधित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय कर कराया जाए, ताकि उद्यमियों को बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।बैठक के दौरान आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए खोलने तथा खिलाड़ियों को नाममात्र वार्षिक शुल्क पर अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी के सकारात्मक दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली और उद्योग हितैषी सोच से जनपद के उद्यमियों में विश्वास और नई उम्मीद पैदा हुई है। प्रशासन और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय से गौतम बुद्ध नगर को देश के अग्रणी और आदर्श औद्योगिक जिलों में स्थापित करने में मदद मिलेगी।बैठक में आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, युवा कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर और वरिष्ठ सदस्य चंचल कुमार मौजूद रहे।
आईबीए, गौतम बुद्ध नगर ने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन और उद्योग हित में की गई पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।




