राखी पर इनर व्हील क्लब ने वीर जवानों को बांधी राखी, दिया सम्मान और अपनत्व
राखी पर इनर व्हील क्लब ने वीर जवानों को बांधी राखी, दिया सम्मान और अपनत्व

ग्रेटर नोएडा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301की ओर से गौतम बुद्ध जिला जेल में ड्यूटी पर तैनात वीर जवानों के साथ राखी का पर्व भावपूर्ण ढंग से मनाया गया। जो जवान अपने कर्तव्य के कारण रक्षाबंधन पर अपने परिवार और बहनों के पास नहीं जा पाते, उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त करते हुए क्लब की सदस्यों ने लगभग 25 जवानों को राखी बांधी।इस अवसर पर सभी जवानों को प्यार और सम्मान के प्रतीक स्वरूप पैंट-कमीज, मिठाई और घर पर बनाई गई राखी भेंट की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों को यह एहसास कराना था कि अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा में लगे इन वीर जवानों के साथ पूरा समाज खड़ा है।क्लब की प्रधान अंकिता सिंह ने सभी जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “जो जवान दिन-रात हमारी सुरक्षा के लिए अपने परिवार से दूर रहकर अपना कर्तव्य निभाते हैं, उनके प्रति भी हमारा कर्तव्य बनता है। उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटना हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।”क्लब की सचिव डॉ. शैली गर्ग ने इनर व्हील क्लब के सेवा कार्यों और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सभी ने राष्ट्रगान गाया और जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर विशेष अतिथि बृजेश सिंह , जेलर अनिल शाही एवं उनकी धर्मपत्नी अनीता शाही,क्लब सदस्य उमा गोयल तथा पूर्व अध्यक्ष अनिता सिंघला सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अतिथियों ने इनर व्हील क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सेवा के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। क्लब की सदस्यों ने भी कहा कि जहां भी समाज को इनर व्हील की आवश्यकता होगी, क्लब सदैव सेवा के लिए तत्पर रहेगा।यह आयोजन केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभा रहे जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और सामाजिक जिम्मेदारी की एक भावपूर्ण मिसाल बन गया।




