महिला सुरक्षा को लेकर महिला उन्नति संस्था का प्रदर्शन, राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम सौंपा ज्ञापन
महिला सुरक्षा को लेकर महिला उन्नति संस्था का प्रदर्शन, राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा। देश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते छेड़छाड़, दुष्कर्म, हत्या, घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पीड़िताओं को त्वरित न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर महिला उन्नति संस्था के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रीय महिला आयोग (भारत) के नाम प्रशासनिक अधिकारी अरविंद कुमार को ज्ञापन सौंपा।यह ज्ञापन संस्था की गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। रेनूबाला शर्मा ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। घर से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा समाज में असुरक्षा की भावना को बढ़ा रही है, जिससे महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।संस्था के संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संगठन द्वारा देशभर के जिलों में राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम ज्ञापन सौंपने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट में भी यह ज्ञापन सौंपा गया।राष्ट्रीय महिला आयोग के नाम दिए गए ज्ञापन में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़िताओं को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने की मांग की गई।इस दौरान रणवीर चौधरी, डॉ. वंदना सिंह, एडवोकेट अनिल भाटी, एडवोकेट सीमा भाटी, दीपा रानी, अजयपाल भाटी, माधुरी चौहान, पूजा अवाना, रेहाना अल्वी, जहीर खान, एडवोकेट ज्योति भाटी, एडवोकेट पारुल चौधरी, एडवोकेट निशा वेसोया, एडवोकेट अरुणा शर्मा सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




