सिरसा गांव में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, अतिक्रमण पर चालान की कार्रवाई
सिरसा गांव में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, अतिक्रमण पर चालान की कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा। ग्राम सिरसा में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को गांव में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। सेनेटरी इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने ठेकेदार बंटी भाटी के साथ गांव की विभिन्न गलियों और मार्गों का भ्रमण कर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुनील भाटी एवं उनकी टीम भी मौजूद रही। टीम ने सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अतिक्रमण की स्थिति का भी निरीक्षण किया। जहां सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, वहां नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने तथा गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान सागर पायला, गौरव शर्मा, रविंद्र भाटी, देवेंद्र भाटी, विनोद नगर, चमन शर्मा, महकेश भाटी, प्रमोद भाटी, प्रकाश प्रधान, राजू प्रजापति और सतवीर भाटी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।




