जीएसटी सुधारों से छोटे कारोबारियों को मिलेगी राहत, व्यापार करना होगा आसान: सरबजीत सिंह
जीएसटी सुधारों से छोटे कारोबारियों को मिलेगी राहत, व्यापार करना होगा आसान: सरबजीत सिंह

ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), ग्रेटर नोएडा चैप्टर ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित जीएसटी प्रक्रिया सुधारों को उद्योगों और व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है। इन सुधारों का उद्देश्य कर व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और व्यापारियों के अनुकूल बनाना है, जिससे छोटे कारोबारियों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को राहत मिल सके।प्रस्तावित सुधारों में जीएसटी के तहत गिरफ्तारी संबंधी प्रावधानों में बदलाव, अभियोजन की सीमा एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करना, छोटे करदाताओं को निर्धारित शर्तों के तहत विवरणी दाखिल करने में देरी पर विलंब शुल्क से छूट तथा ई-वे बिल की जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना शामिल है।इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह के अनुसार, अभियोजन की सीमा में वृद्धि से छोटे करदाताओं को राहत मिलने की संभावना है। वहीं, विलंब शुल्क में छूट से छोटे उद्यमों पर अनुपालन का बोझ कम हो सकता है। माल परिवहन के दौरान ई-वे बिल की जांच प्रक्रिया को सरल बनाने से अनावश्यक रुकावटें कम होंगी और परिवहन व्यवस्था को गति मिलेगी। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ग्रेटर नोएडा चैप्टर का मानना है कि इन सुधारों से कारोबार की लागत और प्रक्रियागत जटिलताओं में कमी आ सकती है। इससे उद्यमियों को व्यवसाय के विस्तार, निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि सुधारों को स्पष्ट दिशा-निर्देशों और प्रभावी सहायता व्यवस्था के साथ लागू किया जाएगा, ताकि उद्योगों और व्यापारियों को वास्तविक लाभ मिल सके। साथ ही, उद्यमियों से अपील की गई कि वे नियमों के अनुपालन से पहले संबंधित विभाग की आधिकारिक अधिसूचनाओं और दिशा-निर्देशों का अवलोकन करें।




