इस्कॉन ग्रेटर नोएडा में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, जानिए कार्यक्रम की रूपरेखा
इस्कॉन ग्रेटर नोएडा में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, जानिए कार्यक्रम की रूपरेखा

ग्रेटर नोएडा। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) ग्रेटर नोएडा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन 3, 4 और 5 सितंबर 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन इस्कॉन मंदिर, ए-49, जीटा-1, ग्रेटर नोए में होगा।महोत्सव के दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार एवं दर्शन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस दौरान अखंड हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भगवद्गीता एवं वैदिक साहित्य प्रदर्शनी, श्रीकृष्ण कथा, भजन-कीर्तन और महाआरती सहित अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मध्यरात्रि में होगा श्रीकृष्ण का दिव्य प्राकट्य उत्सव
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य प्राकट्य उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके उपरांत महाआरती एवं हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा।श्रद्धालुओं के लिए भगवद्गीता एवं वैदिक साहित्य प्रदर्शनी, प्रसादम फूड कोर्ट और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दर्शन, पार्किंग, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इस्कॉन मंदिर के महाप्रबंधक श्रीमान अतुल कृष्ण प्रभु ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण की विशेष झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर को सुंदर रंगों, मनमोहक झांकियों और आध्यात्मिक वातावरण से सजाया जाएगा।इस्कॉन ग्रेटर नोएडा ने सभी श्रद्धालुओं, परिवारजनों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य उत्सव का आनंद लेने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।




