44 गांवों के किसानों ने 4% विकसित प्लॉट की मांग तेज की, 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर करेंगे एक दिवसीय अनशन
44 गांवों के किसानों ने 4% विकसित प्लॉट की मांग तेज की, 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर करेंगे एक दिवसीय अनशन

ग्रेटर नोएडा। 44 गांवों के उन किसानों ने, जिन्हें अब तक 4 प्रतिशत विकसित भूखंड नहीं मिला है, अपनी मांग को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित कर आंदोलन की आगामी रणनीति का ऐलान किया। किसानों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने समझौते के बावजूद उनके साथ वादा खिलाफी की है।किसानों ने बताया कि वर्ष 2011 में गजराज एवं अन्य बनाम राज्य मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रभावित किसानों को मूल मुआवजे का 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और 10 प्रतिशत विकसित भूखंड देने का आदेश दिया था। इसके बाद जिन किसानों ने न्यायालय में याचिका दायर नहीं की थी, उन्होंने भी कोर्ट का रुख करना शुरू कर दिया।
किसानों के अनुसार, उस समय तत्कालीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एवं चेयरमैन रमारमन और किसानों के बीच समझौता हुआ था। समझौते में आश्वासन दिया गया था कि विकास कार्य प्रभावित न हों, इसलिए न्यायालय न जाने वाले किसानों को भी 10 प्रतिशत विकसित भूखंड दिया जाएगा।
किसानों का आरोप है कि प्राधिकरण ने सभी किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा तो दे दिया, लेकिन न्यायालय न जाने वाले किसानों को केवल 6 प्रतिशत विकसित भूखंड ही आवंटित किया गया, जबकि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट आज तक नहीं दिया गया। किसानों ने इसे प्राधिकरण की वादा खिलाफी और धोखाधड़ी बताया।प्रेस वार्ता में किसानों ने कहा कि पिछले एक वर्ष से वे अपने शेष 4 प्रतिशत विकसित भूखंड की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपे हैं तथा प्राधिकरण पर मौन जुलूस निकालकर भी अपनी मांग उठाई है।किसानों ने घोषणा की कि यदि उनकी मांग शीघ्र पूरी नहीं हुई तो 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर एक दिवसीय अनशन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर आंदोलन को और तेज करते हुए जनप्रतिनिधियों के आवास के बाहर भी अनशन किया जाएगा।किसानों का कहना है कि शेष 4 प्रतिशत विकसित भूखंड उनका वैधानिक और न्यायसंगत अधिकार है, जिसे लेकर वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे।इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में संतराम प्रधान, मोहित समाजसेवी, अमित भाटी, राजीव शर्मा,जगराम भाटी, सुरेश भाटी, भीम सिंह,चरन सिंह मौजूद रहे




