विश्व रजोनिवृत्ति दिवस पर जीआईएमएस में सीएमई का आयोजन, महिलाओं में हड्डियों के स्वास्थ्य और ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव पर हुई चर्चा
विश्व रजोनिवृत्ति दिवस पर जीआईएमएस में सीएमई का आयोजन, महिलाओं में हड्डियों के स्वास्थ्य और ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव पर हुई चर्चा

ग्रेटर नोएडा। जीआईएमएस, ग्रेटर नोएडा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से विश्व रजोनिवृत्ति दिवस के अवसर पर 22 अक्टूबर को एक सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम (सीएमई) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “दर्द के बिना चलें, ऊर्जा के साथ जिएं” रही। इसका आयोजन ग्रेटर नोएडा मेनोपॉज सोसाइटी के तत्वावधान में विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. रितु शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर जीआईएमएस की डीन डॉ. रंभा पाठक उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में संकाय सदस्यों ने रजोनिवृत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए। इसके बाद “हड्डियों के स्वास्थ्य पर चुप्पी तोड़ें: रजोनिवृत्ति के बाद ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव” विषय पर बहुविषयक पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें प्रसूति एवं स्त्री रोग, हड्डी रोग, एनेस्थीसिया, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी विभागों के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
नर्सिंग की छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके बाद जीआईएमएस, शारदा अस्पताल और केएसजीएमसी, बुलंदशहर के प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा हड्डी रोग विभागों के परास्नातक विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।इस सीएमई के माध्यम से विभिन्न चिकित्सा विभागों के बीच आपसी सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया गया। साथ ही, रजोनिवृत्ति के बाद महिलाओं में हड्डियों के स्वास्थ्य, ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।




