ग्रेनो प्राधिकरण का अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 20 हजार वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त
ग्रेनो प्राधिकरण का अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 20 हजार वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को गांव भनौता में प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये बताई गई है।प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, गांव भनौता के खसरा संख्या 282 और 283 की जमीन पर कालोनाइजर अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी बसाने की तैयारी में थे। परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में वर्क सर्कल-2 के मैनेजर रोहित गुप्ता और टीम ने सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को प्राधिकरण के कब्जे में ले लिया।इससे पहले प्राधिकरण ने बिसरख के डूब क्षेत्र में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की थी। यहां खसरा संख्या 135 और 153 की करीब 5 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध निर्माण की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई न लगाएं।




