शारदा यूनिवर्सिटी में रूसी फैशन अकादमी की अनूठी पहल, 35 डिजाइनों में दिखी विरासत और आधुनिकता की झलक
शारदा यूनिवर्सिटी में रूसी फैशन अकादमी की अनूठी पहल, 35 डिजाइनों में दिखी विरासत और आधुनिकता की झलक

ग्रेटर नोएडा। शारदा यूनिवर्सिटी में भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से रशियन फैशन अकादमी की पहल ‘रूस से दुनिया तक’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रूस के पांच उभरते डिजाइनरों की 35 मौलिक फैशन कृतियां प्रदर्शित की गईं। इनमें रूसी पारंपरिक कला, संस्कृति और आधुनिक फैशन का अनूठा संगम देखने को मिला।यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल रिलेशंस डिवीजन और शारदा स्कूल ऑफ डिजाइन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में रूसी सांस्कृतिक विरासत पर विशेष प्रस्तुति दी गई। वहीं, शारदा यूनिवर्सिटी के छात्रों ने फैशन शो के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रशियन फैशन अकादमी की प्रमुख इरीना मालोवा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य रचनात्मकता के माध्यम से रूसी संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना और भारत जैसे देशों के साथ सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है।यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल रिलेशंस निदेशक डॉ. अशोक दरयानी ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को अंतरराष्ट्रीय संस्कृति, कला और रचनात्मकता को करीब से समझने का अवसर देते हैं। वहीं, प्रो-चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान से विद्यार्थियों का वैश्विक दृष्टिकोण विकसित होता है।
शारदा स्कूल ऑफ डिजाइन की डीन प्रो. डॉ. दीप्ति पाराशर ने कहा कि फैशन सांस्कृतिक पहचान को अभिव्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है। इस प्रदर्शनी से छात्रों को अंतरराष्ट्रीय डिजाइनिंग के नए विचारों और पारंपरिक शिल्प को आधुनिक रूप देने की प्रेरणा मिली।कार्यक्रम के माध्यम से भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक सहयोग, आपसी समझ और मित्रता को नई मजबूती देने का संदेश दिया गया।





