क्लिनिकल रिसर्च में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिम्स ग्रेटर नोएडा, आईईसी और डॉ. रितु शर्मा को मिला रिसर्च एप्रिसिएशन अवार्ड
क्लिनिकल रिसर्च में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिम्स ग्रेटर नोएडा, आईईसी और डॉ. रितु शर्मा को मिला रिसर्च एप्रिसिएशन अवार्ड
लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में तीन श्रेणियों में मिला सम्मान, यूपी-इमरास रिसर्च लीडरबोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए की गई सराहना

ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स), ग्रेटर नोएडा ने चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 21 नवंबर 2026 को लखनऊ के सराका होटल में आयोजित एकदिवसीय कार्यशाला के दौरान जिम्स ग्रेटर नोएडा, संस्थान की इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी (आईईसी) और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. रितु शर्मा को प्रतिष्ठित ‘रिसर्च एप्रिसिएशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उत्तर प्रदेश सरकार के उपक्रम यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल की ओर से क्लिनिकल रिसर्च के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और यूपी-इमरास (इंटीग्रेटेड मेडिकल रिसर्च एप्लीकेशन सिस्टम) रिसर्च लीडरबोर्ड में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि के तहत जिम्स ग्रेटर नोएडा को क्लिनिकल रिसर्च में समग्र उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, संस्थान की इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी को अनुसंधान के नैतिक मानकों और यूपी-इमरास लीडरबोर्ड में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार मिला। इसके अलावा, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. रितु शर्मा को क्लिनिकल रिसर्च में उनके व्यक्तिगत एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार समारोह ‘प्रैक्टिकल आस्पेक्ट्स ऑफ कंडक्टिंग क्लिनिकल ट्रायल्स’ विषय पर आयोजित कार्यशाला के दौरान संपन्न हुआ। इसका आयोजन यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल और इंडियन सोसाइटी फॉर क्लिनिकल रिसर्च (आईएससीआर) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।
कार्यशाला में क्लिनिकल ट्रायल साइट प्रबंधन एवं क्रियान्वयन, सुरक्षा रिपोर्टिंग, डेटा सेफ्टी मॉनिटरिंग बोर्ड (डीएसएमबी), क्लिनिकल ट्रायल दस्तावेजीकरण, डेटा प्रबंधन और यूपी-इमरास प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की।
पुरस्कार प्रमाणपत्रों पर यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल की अध्यक्ष वी. हेकाली झिमोमी (आईएएस) और प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृतिका शर्मा (आईएएस) के हस्ताक्षर हैं।
एक ही अवसर पर संस्थान, एथिक्स कमेटी और संकाय सदस्य को तीन अलग-अलग श्रेणियों में मिला यह सम्मान जिम्स ग्रेटर नोएडा की बड़ी उपलब्धि है। यह गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और नैतिक चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।





