GautambudhnagarGreater noida news

बूथ स्तर तक वोट रक्षकों की नियुक्ति करेगी कांग्रेस, मतदाता सूची से हटाए गए नामों का होगा भौतिक सत्यापन

बूथ स्तर तक वोट रक्षकों की नियुक्ति करेगी कांग्रेस, मतदाता सूची से हटाए गए नामों का होगा भौतिक सत्यापन

26 नवंबर को संविधान दिवस पर निकलेगा संविधान रक्षा मार्च, मंडल अध्यक्षों को दिया गया ऑनलाइन रिपोर्टिंग और निगरानी का प्रशिक्षण

ग्रेटर नोएडा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को गति देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक मंगलवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में हुई बैठक में बूथ स्तर पर वोट रक्षकों की नियुक्ति, मतदाता सूची से हटाए गए नामों का भौतिक सत्यापन और ऑनलाइन रिपोर्टिंग व्यवस्था को लेकर मंडल अध्यक्षों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र के बूथ पर कम से कम एक प्रशिक्षित वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट, बूथ कमेटियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित अन्य संगठनों के सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वोट रक्षक मतदाता सूची का अध्ययन कर हटाए गए नामों की जमीनी पड़ताल करेंगे और संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर तथ्यों की जानकारी जुटाएंगे।

अभियान के तहत 22 से 30 नवंबर तक मतदाता सूची से हटाए गए नामों का बूथवार भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर होगी। मंडल अध्यक्षों को www.iamvoterakshak.in पोर्टल पर वोट रक्षकों की नियुक्ति, सत्यापन का विवरण और दैनिक प्रगति रिपोर्ट अपलोड करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। जिला स्तर पर रिपोर्ट संकलित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से केंद्रीय कंट्रोल रूम तक भेजी जाएगी।

बैठक में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद है। मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया जाना गंभीर विषय है। कांग्रेस पार्टी इसे नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा से जोड़कर देखती है। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को गांव, मोहल्ले और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में काम करेगा और मतदाता सूची से हटाए गए नामों की तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित करेगा।उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा का वास्तविक अर्थ देश के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय और जवाबदेह भूमिका निभाएंगे।

बैठक में मुकेश शर्मा, भगवती शर्मा, हरेंद्र शर्मा, महाराज सिंह नागर, रिजवान चौधरी, धर्मवीर प्रधान, सतीश शर्मा, चरण सिंह, किशन शर्मा, पुनीत मावी, धर्म सिंह, सचिन शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुबोध भट्ट, रमा नैय्यर, तीरथराम वाल्मीकि, कुलवीर राणा, तनवीर अहमद, राजू राव, सूबेदार सतपाल सिंह, मोहम्मद तकी, विजय नागर, शीबा राय, गीता देवी, अरुण भाटी, अरविंद रेक्सवाल, नीरज शर्मा, तेजपाल शर्मा, नरेश शर्मा, गौतम सिंह, नीतिश चौधरी, सुनील भाटी, मास्टर हबीब सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button