औद्योगिक क्षेत्रों की रोशनी बढ़ाने के लिए प्राधिकरण गंभीर, 6 नवंबर तक अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी करेंगी स्थलीय निरीक्षण
औद्योगिक क्षेत्रों की रोशनी बढ़ाने के लिए प्राधिकरण गंभीर, 6 नवंबर तक अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी करेंगी स्थलीय निरीक्षण
आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह से की मुलाकात, औद्योगिक क्षेत्रों के अंधेरे स्थानों पर नई लाइटें लगाने और खराब लाइटों को तत्काल चालू कराने की उठाई मांग

ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतमबुद्धनगर के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट और सजावटी रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के मार्गदर्शन और प्रेरणा सिंह के सक्रिय नेतृत्व में शहर की प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। घंटा चौक सूरजपुर से एलजी गोलचक्कर तक सजावटी लाइटें लगाने तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट स्थापित होने से उद्यमियों, कर्मचारियों और श्रमिकों की सुरक्षा को मजबूती मिली है।
इस दौरान आईबीए ने बिसरख गोलचक्कर, चौगानपुर गोलचक्कर, घंटा चौक, सूरजपुर, एलजी गोलचक्कर से लेकर पी-3 गोलचक्कर तक सभी प्रमुख गोलचक्करों पर सजावटी लाइटें लगाने की मांग रखी। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों के प्रवेश और निकास द्वारों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने और अंधेरे वाले स्थानों पर नई लाइटें लगाने का सुझाव दिया।
6 नवंबर तक होगा औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्राधिकरण गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वह 6 नवंबर तक स्वयं विभिन्न औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। इसके अलावा प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक प्राधिकरण की टीम औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान बंद लाइटों और अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने विश्वास जताया कि प्राधिकरण के अधिकारियों के सहयोग और सकारात्मक पहल से ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में सुरक्षा, सुंदरता और बुनियादी सुविधाओं में और सुधार होगा।इस अवसर पर आईबीए की कार्यकारिणी सदस्य सिमरन खत्री, हर्ष तोमर तथा एनआईईटी कॉलेज के सह निदेशक डॉ. नरेश कुमार उपस्थित रहे।




