गणेश वंदना से हुआ रामलीला का शुभारंभ, रावण-कुंभकरण की तपस्या और भगवान विष्णु के वरदान का हुआ मंचन
गणेश वंदना से हुआ रामलीला का शुभारंभ, रावण-कुंभकरण की तपस्या और भगवान विष्णु के वरदान का हुआ मंचन

ग्रेटर नोएडा। साइट-4 स्थित श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित भव्य रामलीला मंचन का शुभारंभ 12 अक्टूबर को गणेश वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कमिश्नर एवं नॉर्दर्न रेलवे के पूर्व स्टेट ट्रेनिंग कमिश्नर सुदेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया।कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि रामलीला के प्रथम दिन धार्मिक प्रसंगों का सुंदर मंचन किया गया। महासचिव विजेंद्र आर्य ने बताया कि मंचन की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद भगवान शिव ने माता पार्वती को प्रभु श्रीराम की कथा सुनाई। वहीं, नारद मुनि भजन गाते हुए पृथ्वी भ्रमण पर निकले। दूसरी ओर रावण, कुंभकरण और विभीषण ने ब्रह्मा जी की कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी प्रकट हुए और तीनों भाइयों को वरदान दिया।उन्होंने बताया कि दर्शकों की सुविधा के लिए रामलीला परिसर में लगभग 12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सामान्य दर्शकों के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं, जबकि विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग क्षेत्र में सोफों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन के साथ कमेटी की ओर से भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि मेले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
रामलीला देखने के लिए प्रवेश निःशुल्क है। सामान्य क्षेत्र में पहले आने वालों को पहले बैठने का अवसर मिलेगा, जबकि विशिष्ट अतिथि क्षेत्र में प्रवेश के लिए पास अनिवार्य होगा।
इस अवसर पर सरदार मनजीत सिंह, विजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल प्रधान, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, कमल सिंह आर्य, हरेंद्र भाटी, केके शर्मा, अमित गोयल, मुकेश शर्मा, मुकुल गोयल, चाचा हिंदुस्तानी, सुनील प्रधान, अनिल कसाना बदौली, गिरीश जिंदल, अतुल जिंदल, अतुल जैन, सुरेश गर्ग (मोनू), विशाल जैन, मनोज यादव, श्यामवीर भाटी, श्रीचंद भाटी, विकास भाटी, रिंकू, दीपक, राहुल, अनुज, प्रभाकर देशमुख, प्रमोश मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




