गौतमबुद्धनगर में कांग्रेस का काला दिवस प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग से मांगा जवाब
गौतमबुद्धनगर में कांग्रेस का काला दिवस प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग से मांगा जवाब
काले कपड़े पहनकर कलेक्ट्रेट सूरजपुर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने का जताया विरोध

ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से कलेक्ट्रेट सूरजपुर में काला दिवस मनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया और निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने का विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोरी बंद करो’, ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ और ‘निर्वाचन आयोग जवाब दो’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है। विपक्षी नेताओं को अपनी बात रखने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सत्ता की ताकत में नहीं, बल्कि असहमति के सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही में निहित है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना जरूरी है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। मतदाता सूचियों में अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास मजबूत बना रहे।
प्रदर्शन के दौरान संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने भी निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्वाचन आयोग से सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
इस दौरान अजय चौधरी, दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, विनोद पांडेय, निशा शर्मा, नीरज लोहिया, अशोक पंडित, शीबा राय, बिन्नू भाटी, सुरेंद्र प्रताप, कल्पना सिंह, मोहम्मद तकी, महाराज सिंह, धर्म सिंह, रमेश जीनवाल, अरुण गुर्जर, विजय नागर, कपिल भाटी, मोहित भाटी, पुनीत मावी, नितीश चौधरी, सुबोध भट्ट, नीरज शर्मा, विपिन त्यागी, अरविंद रेक्सवाल, प्रिंस भाटी, प्रवीण रावल, अजब सिंह, धीरा सिंह, जतन सिन्हा, अब्दुल वाहिद, अनुराग भाटी, गोल्डी, मोहम्मद इदरीशी, राहुल कश्यप, अनुज तिवारी, हेमंत भाटी, गिरीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




