आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों से हुआ विशेष संवाद, राष्ट्रहित में योगदान का किया आह्वान
राष्ट्रीय निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम: अनिल जी
आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थियों से हुआ विशेष संवाद, राष्ट्रहित में योगदान का किया आह्वान

ग्रेटर नोएडा। आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में सोमवार को ‘राष्ट्रीय निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय प्रचारक अनिल जी ने विद्यार्थियों से राष्ट्र, समाज और देश के विकास में युवाओं की भूमिका को लेकर संवाद किया। अनिल जी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। भारत के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल अपने करियर तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्रहित की भावना विकसित करना भी है।संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व, युवा नेतृत्व और देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने वक्ता के साथ खुलकर संवाद किया और कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताया। इस दौरान युवाओं ने राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।कार्यक्रम में बिल्स आयुर्वेद के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नितिन अग्रवाल, कॉलेज के एचओडी डॉ. ओपी चौधरी, राकेश गर्ग, जिला प्रचारक नैमपाल, विभाग प्रचारक चिरंजीवी तथा विद्यार्थी प्रमुख नरेंद्र सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक मनीष कुशवाहा रहे, जबकि संचालन डॉ. मेघना माथुर ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




