GautambudhnagarGreater noida news

गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था के लिए सख्ती, नर-मादा गोवंश को अलग रखने के निर्देश

गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था के लिए सख्ती, नर-मादा गोवंश को अलग रखने के निर्देश

गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अस्थायी गौ आश्रय स्थलों की जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, स्वच्छता, पोषण, पेयजल और चारे की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। आयोग के सदस्य दीपक गोयल भी बैठक में मौजूद रहे।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने जिले की गौशालाओं और अस्थायी गौ आश्रय स्थलों की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान महेश कुमार शुक्ल ने अधिकारियों को पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी गौशालाओं में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त चारा, पौष्टिक आहार और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। अस्थायी गौ आश्रय स्थल ततारपुर में स्वच्छ पेयजल, नियमित सफाई और आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए गए। साथ ही सभी गौशालाओं में नर और मादा गोवंश को अलग-अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा पंचायतों द्वारा एसएफसी पूलिंग के माध्यम से पशु आहार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को बीमार पशुओं का समय पर उपचार कराने और गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने गौशालाओं और अस्थायी गौ आश्रय स्थलों में बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक में डीसीपी राजेन्द्र कुमार गौतम, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित प्राधिकरण, नगर पालिका, नगर पंचायत, पशुपालन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button