राहुल गांधी पर मुकदमे के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन । काली पट्टी बांधकर निकाला पैदल मार्च, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
राहुल गांधी पर मुकदमे के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
काली पट्टी बांधकर निकाला पैदल मार्च, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

ग्रेटर नोएडा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्ज मुकदमे के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने प्रदर्शन किया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला कांग्रेस मुख्यालय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के दौरान कथित आपत्तिजनक नारेबाजी और व्यवहार के बाद राहुल गांधी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलितों, पिछड़ों, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयासों का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।प्रवक्ता दुष्यंत नागर ने कहा कि मुकदमों और सरकारी दबाव से राहुल गांधी की आवाज नहीं दबाई जा सकती। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लेते हुए आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।प्रदर्शन में गौतम अवाना, नीरज लोहिया, महाराज सिंह नागर, हरेंद्र शर्मा, पुनीत मावी, सुबोध भट्ट, नीतीश चौधरी, विपिन त्यागी, असगर अली, ओंमकार राणा, मोहित भाटी, जतन सिन्हा, सुनील नंबरदार, मोहम्मद वारिस, भूपेंद्र भाटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




