सूरजपुर में शांतिपूर्ण निकला मिलाद-उन-नबी का जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा भाईचारे और सौहार्द का संदेश
सूरजपुर में शांतिपूर्ण निकला मिलाद-उन-नबी का जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा भाईचारे और सौहार्द का संदेश

ग्रेटर नोएडा। सेंट्रल नोएडा के सूरजपुर कस्बे में मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान तिरंगा झंडा भी लहराता नजर आया, जिसने आयोजन में देशभक्ति, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।जुलूस निर्धारित मार्ग से होकर गुजरा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सूरजपुर थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस टीम ने पूरे जुलूस मार्ग पर निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली और यातायात को भी व्यवस्थित किया। पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
मिलाद-उन-नबी के जुलूस में सर्व समाज के लोगों की भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाया। जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह के साथ शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और कपिल ननका सैफी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जुलूस में शामिल लोगों ने एकता और सद्भाव का संदेश देते हुए आयोजन को सफल बनाया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और सहयोग की सराहना की। पुलिस की निगरानी एवं आयोजकों और आमजन के सहयोग से मिलाद-उन-नबी का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।




