GautambudhnagarGreater noida news

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर गौतमबुद्ध नगर में निकली तिरंगा यात्रा

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर गौतमबुद्ध नगर में निकली तिरंगा यात्रा

गौतमबुद्ध नगर। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जनपद गौतमबुद्ध नगर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा विकास भवन, गौतमबुद्ध नगर से अंबेडकर भवन, सूरजपुर तक निकाली गई। यात्रा में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ सहित जनपद के विभिन्न कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष ताराचंद मकवाना ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा का सवाल नहीं, बल्कि उनके वर्षों के सेवाकाल और सम्मान से जुड़ा हुआ विषय है। कर्मचारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा सरकार और जनता की सेवा में लगाया है, इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन की व्यवस्था उनका अधिकार है।
जिलाध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी कर्मचारियों और साथियों का आभार व्यक्त किया ।

जिला कार्यकारिणी की ओर से महामंत्री प्रवीण कुमार, कोषाध्यक्ष बृजलाल एवं संगठन मंत्री सत्येंद्र सिंह ने भी कर्मचारियों की एकजुटता के लिए आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा यात्रा में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों में गंभीरता और जागरूकता है। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।

तिरंगा यात्रा में राजीव नवादा, करण खटाना, प्रमोद दुजाना, बिजेंदर, पवन कुमार, ऋषि पाल, आजाद सिंह, उमेश कुमार, मुख्तार सिंह, बिजेंदर नरोली, अजीत कुमार, आदेश कुमार, नवीन कुमार, बाबूराम, हरि ओम, प्रेम सिंह, अंकित, विनीत, सुनीता, रानी, अंकित मकवाना एवं अमित नवादा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, गौतमबुद्ध नगर की ओर से तिरंगा यात्रा में शामिल सभी कर्मचारियों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का बहुत-बहुत आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही उनके अधिकारों की लड़ाई की सबसे बड़ी ताकत है और पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button